बंदूक के बल पर घर से 19 साल की युवती का अपहरण, 15 दिन में दूसरी बार वारदात से दहशत……

NGV PRAKASH NEWS

बंदूक के बल पर घर से 19 साल की युवती का अपहरण, 15 दिन में दूसरी बार वारदात से दहशत

कुरुक्षेत्र, 16 मार्च 26.
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां देर रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया। हैरानी की बात यह है कि इसी युवती का करीब 15 दिन पहले भी अपहरण हुआ था, जिसे पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पंजाब के होशियारपुर से बरामद कर लिया था। दोबारा हुई इस घटना के बाद परिवार और इलाके के लोग दहशत में हैं।

परिजनों के अनुसार घटना देर रात करीब 2:30 बजे की है, जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। तभी पांच बदमाश पिस्टल और बंदूक के साथ घर में घुस आए। तीन बदमाश जबरन युवती को अपने साथ ले गए, जबकि दो अन्य बदमाश घर के सदस्यों पर बंदूक तानकर खड़े रहे। परिवार के लोगों ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी, जिससे डर के कारण कोई उनका विरोध नहीं कर सका।

बताया जा रहा है कि आरोपी कॉलोनी के बाहर अपनी गाड़ियां खड़ी करके पैदल ही घर तक पहुंचे थे। बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने आसपास युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। कुछ देर बाद घर से कुछ दूरी पर खेत में युवती की चुन्नी पड़ी मिली। इसके बाद परिजनों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

परिवार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी युवती का अपहरण कर लिया गया था। उस समय वह अपने भांजे के साथ सब्जी लेने गई थी, तभी कुछ लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया था। बच्चे ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन युवती को पंजाब के होशियारपुर से बरामद कर लिया था। हालांकि उस समय आरोपी फरार होने में सफल हो गए थे।

परिजनों का आरोप है कि इस बार भी वही लोग हथियारों के बल पर उनकी बेटी को उठा ले गए हैं। घटना के बाद से परिवार में भय का माहौल है और इलाके के लोग भी इस वारदात से सहमे हुए हैं।

शाहाबाद हुडा चौकी के प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पहले भी इसी युवती को होशियारपुर से बरामद किया गया था, लेकिन उस समय आरोपी पुलिस की पकड़ से बच निकले थे। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई हैं और युवती को जल्द सुरक्षित बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *