एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 29 अप्रैल 2024 सोमवार को एक ई-मेल मिला, जिसमें यह दावा किया गया कि जयपुर और गोवा समेत कई हवाई अड्डे पर बम रखे गए हैं।
इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया। सभी हवाई अड्डों की गहन जांच शुरू कर दी गयी । जयपुर एयरपोर्ट पर अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
जयपुर एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को संयुक्त रूप से गहन जांच की। एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के एस एच ओ मोती लाल ने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एयरपोर्ट अधिकारियों को बम विस्फोट की धमकी वाला एक ईमेल भेजा गया था। हवाईअड्डे की पूरी जांच की गई लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसी तरह की धमकी 26 अप्रैल को भी दी गई थी। उन्होंने कहा कि भेजने वाले की पहचान और पता लगाने के लिए जांच चल रही है |
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर बम पर बम होने की सूचना मिली। हवाई अड्डे के निदेशक एस वी टी धन्मजय राव ने कहा कि उनके कार्यालय को सुबह हवाई अड्डे पर बम होने के बारे में एक ईमेल मिला।
बम निरोधक दस्ता एयरपोर्ट पर मौजूद है। हम निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार काम कर रहे हैं। हम ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जो देश के अन्य हवाई अड्डों को भी मिला है।
गोवा और गुजरात की तरह कोलकाता एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बीते तीन दिनों के अंदर यह दूसरी बार है जब एक ई-मेल के माध्यम से कोलकाता एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो तत्काल जांच शुरू कर दी गई। एयरपोर्ट के अंदर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।


