अंततःएक बार फिर से ओवरहाइट और ओवरलोड गन्ना ट्रकों पर कार्यवाही शुरू..

Gyan Prakash Dubey

यातायात पुलिस ने ओवरहाइट गन्ना लदे वाहनों पर कसी नकेल, बस्ती में 9 वाहनों का चालान

बस्ती। सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बस्ती में यातायात पुलिस ने ओवरहाइट और ओवरलोड गन्ना लदे वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 9 वाहनों का चालान किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत के निर्देशन में की गई। क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात टीम ने फुटहिया, मनौरी और पॉलिटेक्निक टोल प्लाजा सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की।

यातायात पुलिस के अनुसार, यह अभियान हाल ही में हुए एक दर्दनाक हादसे के बाद और अधिक सख्ती से चलाया जा रहा है। लगभग एक सप्ताह पूर्व ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक के पलट जाने से एक बैट्री रिक्शा उसके नीचे दब गया था, जिसमें एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसी घटना को गंभीरता से लेते हुए ओवरहाइट और ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को ओवरलोडिंग और ओवरहाइट गन्ना लदे वाहनों से होने वाले संभावित हादसों के प्रति जागरूक किया। चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार ही वाहन का संचालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में प्रभारी यातायात अवधेश तिवारी, यातायात उपनिरीक्षक सूर्य नारायण शुक्ला, सुरेश राजभर, नन्हेलाल, हेड कांस्टेबल कृष्णानंद पाण्डेय और कांस्टेबल चंद्रजीत यादव सहित यातायात टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

यातायात पुलिस की इस पहल से आम लोगों ने राहत महसूस की है और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *