NGV PRAKASH NEWS

जयपुर नाइट क्लब में महिला से छेड़छाड़ और पति पर जानलेवा हमला, पैर टूटा, पुलिस जांच में जुटी
राजधानी जयपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अशोक नगर इलाके में स्थित अल्फा नाइट क्लब में 10 दिसंबर की देर रात एक दंपती के साथ छेड़छाड़ और बर्बर मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि क्लब मालिक, मैनेजर और बाउंसर्स ने मिलकर महिला के साथ अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर उसके पति को बेरहमी से पीटा, जिससे उसका पैर दो जगह से टूट गया।
झोटवाड़ा निवासी दंपती अल्फा नाइट क्लब में समय बिताने पहुंचे थे। पीड़िता इरम शेख के अनुसार, क्लब में पहुंचने के कुछ समय बाद एक वेटर उनके पास आया और एक कागज पर लिखा मोबाइल नंबर देते हुए बताया कि क्लब मालिक उनसे प्राइवेट रूम में मुलाकात करना चाहते हैं। महिला ने इस प्रस्ताव को सख्ती से ठुकरा दिया।
आरोप है कि इसके बाद जब महिला वॉशरूम की ओर जा रही थीं, तभी क्लब मालिक भरत टांक, मैनेजर दीपक और कुछ बाउंसर्स ने उन्हें घेर लिया। महिला के साथ अश्लील हरकतें की गईं और छेड़छाड़ का प्रयास किया गया। महिला के शोर मचाने पर उनके पति नावेद मौके पर पहुंचे और विरोध किया, जिससे हालात और बिगड़ गए।
पीड़ित नावेद का आरोप है कि विरोध करने पर क्लब स्टाफ ने सरियों और लाठियों से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनका पैर दो जगह से टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने दंपती की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की।
घटना के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। घायल नावेद को तुरंत एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने पैर में दो फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है।
पीड़ित की शिकायत पर अशोक नगर थाने में क्लब मालिक, मैनेजर और बाउंसर्स के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है। क्लब के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और आरोपियों की कॉल डिटेल व लोकेशन की भी जांच की जा रही है।
घटना ने एक बार फिर राजधानी के नाइट क्लबों में सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS
