NGV PRAKASH NEWS

लिव-इन पार्टनर की नृशंस हत्या का खुलासा: निकाह से पहले सिर काटकर युवती की हत्या, आरोपी बिलाल गिरफ्तार
15 दिसंबर 2025 को हरियाणा–हिमाचल सीमा पर पांवटा साहिब हाईवे के पास खेतों में एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस को युवती का सिर कटा हुआ धड़ मिला था, जबकि सिर मौके से गायब था। शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला और प्रथम दृष्टया यह साफ हो गया था कि हत्या बेहद निर्ममता से की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एसआईटी का गठन कर जांच शुरू कराई।
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान थी। हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती थानों से संपर्क किया गया, लेकिन किसी भी थाने में इस तरह की किसी युवती के लापता होने की सूचना नहीं मिली। इसके बाद जांच का दायरा सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों तक बढ़ाया गया। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच उत्तर प्रदेश के सहारनपुर तक पहुंची।
जांच आगे बढ़ने पर मृतका की पहचान सहारनपुर निवासी उमा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस की निगाह फुरकान उर्फ बिलाल पर गई, जो सहारनपुर के टिडोली गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बिलाल को उस दिन हिरासत में लिया, जिस दिन उसका निकाह तय था। सख्त पूछताछ के दौरान बिलाल टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उमा और बिलाल पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। उमा बिलाल पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि बिलाल का निकाह किसी और जगह तय हो चुका था। बिलाल को डर था कि उमा उसके परिवार के सामने यह सच उजागर कर देगी। इसी डर के चलते उसने उमा की हत्या की साजिश रची।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 6 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वह उमा को कार में बैठाकर सहारनपुर से निकला। रास्ते में मौका पाकर उसने मीट काटने वाले छुरे से कार के अंदर ही उमा का सिर काट दिया। इसके बाद उसने सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके। बिलाल को लगा कि उमा लंबे समय से अपने परिवार से संपर्क में नहीं थी, इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पाएगी और वह बच जाएगा।
हालांकि, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर उमा का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बिलाल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
