NGV PRAKASH NEWS

लखीमपुर में कोचिंग जा रही नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी धमकी देकर फरार
लखीमपुर, 15 दिसंबर 2025।
लखीमपुर जिले के बेहजम थाना क्षेत्र में कोचिंग पढ़ने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना लखीमपुर–बेहजम मार्ग पर कैमासुर गांव के पास बने यात्री सहायता बूथ के नजदीक गन्ने के खेत में हुई, जहां बाइक सवार तीन युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा सोमवार सुबह करीब छह बजे अपनी सहेली के साथ लीलाकुआं कस्बे में कोचिंग जाने के लिए पैदल निकली थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों छात्राओं को रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने जबरन छात्रा को गन्ने के खेत में खींच ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित छात्रा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के जंगल और झाड़ियों में आरोपियों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
शुरुआत में दोनों छात्राओं के साथ दुष्कर्म की बात सामने आई थी, हालांकि पुलिस पूछताछ में एक छात्रा ने अपने साथ किसी भी तरह की घटना से इनकार किया है। पुलिस ने दोनों छात्राओं का मेडिकल परीक्षण कराया है। चिकित्सकीय जांच में किसी तरह की गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं ने पूछताछ के दौरान एक युवक का नाम बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है |
NGV PRAKASH NEWS
