
NGV PRAKASH NEWS
जहांगीरपुरी में दिनदहाड़े चाकूबाजी, दो युवक गंभीर घायल, वारदात का वीडियो बना रहा था एक आरोपित
दिल्ली, 5 जनवरी 2026।
दिल्ली के जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों के एक समूह ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान एक आरोपित पूरी वारदात का मोबाइल फोन से वीडियो बनाता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार युवक मौके पर पहुंचे थे। इनमें से एक ने एक युवक को पकड़ रखा था, दूसरा उसे लगातार चाकू मार रहा था, तीसरा मोबाइल से वीडियो बना रहा था और चौथा आसपास नजर रखे हुए था। जब पड़ोसियों ने छतों से शोर मचाना शुरू किया तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल युवकों की पहचान अंशु और विमल के रूप में हुई है। दोनों को पहले बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर किसी साहिल नाम के युवक की तलाश में इलाके में आए थे। नाम पूछने के बाद उन्होंने अंशु और विमल पर हमला कर दिया और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घटना 2 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजकर 55 मिनट पर हुई थी। सूचना मिलने पर जहांगीरपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल अंशु के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
