NGV PRAKASH NEWS

अपहरण का विरोध करने पर मां की हत्या, अस्पताल में हंगामा, पोस्टमार्टम पर अड़ा विरोध
मेरठ, 08 जनवरी 2026 —
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में अनुसूचित जाति की नाबालिग बेटी के अपहरण का विरोध करने पर दबंगों द्वारा की गई मारपीट में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद गांव और अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई,जब भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
बताया गया कि गांव कपसाड़ में नाबालिग लड़की के अपहरण के प्रयास के दौरान उसकी मां ने विरोध किया था, जिस पर दबंगों ने उस पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में तनाव फैल गया।
मौत की खबर मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता मोदीपुरम अस्पताल पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध करने लगे। इस दौरान एंबुलेंस में तोड़फोड़ की गई और पुलिस से नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं की मांग है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
पुलिस ने अस्पताल और गांव में भारी बल तैनात कर दिया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
