NGV PRAKASH NEWS

हरदोई थाने में महिला की गोली मारकर हत्या, पति गिरफ्तार
हरदोई, 18 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस थाने के भीतर हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी की बेवफाई से आहत एक पति ने थाने परिसर में ही गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद न केवल एक परिवार बिखर गया, बल्कि रिश्तों में बढ़ती दरारों और सामाजिक मूल्यों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सोनी और उसके पति अनूप की शादी को 17 वर्ष हो चुके थे। उनका 13 साल का एक बेटा भी है। आरोप है कि सोनी पिछले कुछ समय से अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई थी और पति तथा बेटे को छोड़कर अलग जीवन जीना चाहती थी। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तो आहत पति ने गुस्से और हताशा में यह खौफनाक कदम उठा लिया। अब सोनी इस दुनिया में नहीं रही, अनूप जेल में है और उनका मासूम बेटा अनाथ हो गया है।
घटना 12 जनवरी को हरदोई के पाली थाना परिसर में हुई। अनूप अपनी पत्नी को मनाने और घर वापस ले जाने के लिए थाने पहुंचा था। पुलिस ने सोनी को बरामद कर थाने बुलाया था, ताकि दोनों के बीच सुलह कराई जा सके।
थाना परिसर में अनूप लगातार पत्नी से घर चलने की गुहार लगाता रहा, बेटे का वास्ता देता रहा, लेकिन सोनी अपने फैसले पर अडिग रही और पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान गुस्से में आकर अनूप ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पूरे विवाद की शुरुआत करीब एक साल पहले गुरुग्राम में हुई थी। हरदोई के रमापुर अटरिया निवासी अनूप रोजी-रोटी की तलाश में पत्नी को लेकर गुरुग्राम गया था। वहीं फैक्ट्री में काम के दौरान सोनी की नजदीकियां सुरजीत नाम के युवक से बढ़ गईं। कुछ समय बाद सोनी गांव लौट आई, लेकिन वह मानसिक रूप से अपने प्रेमी से जुड़ चुकी थी। धीरे-धीरे उसने पति और बेटे से दूरी बनानी शुरू कर दी और अंततः घर छोड़कर चली गई।
7 जनवरी को सोनी के घर छोड़ने के बाद अनूप ने पुलिस से मदद मांगी थी। पुलिस उसे थाने ले आई, लेकिन बातचीत के दौरान स्थिति संभलने के बजाय बिगड़ गई। पत्नी के बार-बार इनकार से अनूप पूरी तरह टूट गया और आवेश में आकर उसने यह घातक कदम उठा लिया।
पुलिस ने आरोपी अनूप को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पारिवारिक रिश्तों में संवाद और धैर्य की कमी किस तरह विनाशकारी परिणाम ला सकती है।
NGV PRAKASH NEWS
