NGV PRAKASH NEWS

महिला से बर्बरता, पीटकर गांव में घुमाया गया; तीन आरोपियों पर केस दर्ज
गौरेला पेंड्रा, 26 जनवरी 2026.
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग के नाम पर बर्बरता की गई। महिला को न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि गांव के मुख्य मार्ग पर घुमाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया गया।
घटना खोडरी चौकी अंतर्गत एक गांव की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसके पति की लगभग एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद महिला का गांव के ही एक 35 वर्षीय शादीशुदा युवक के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गया। प्रेम प्रसंग के चलते दोनों 29 अक्टूबर को घर से चले गए थे और मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रहने लगे थे।
जानकारी के अनुसार करीब तीन महीने बाद जब दोनों गांव लौटे तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला के परिजन और उसके प्रेमी के परिजन खोडरी चौकी पहुंचे थे। चौकी में महिला ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद सभी लोग वापस गांव लौट आए। महिला और उसका प्रेमी गांव के ही एक व्यक्ति के घर ठहरे हुए थे।
अगले दिन सुबह प्रेमी की पत्नी, उसका भाई और अन्य परिजन एकत्र हुए और महिला पर हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को बुरी तरह पीटा गया और उसे गांव की सड़कों पर घुमाते हुए अपमानित किया गया। मारपीट के दौरान महिला के कपड़े भी फट गए। शोर सुनकर ग्रामीण और महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। बाद में महिला को कपड़े दिए गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गौरेला सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं के साथ होने वाले हिंसक और अपमानजनक व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
NGV PRAKASH NEWS
