NGV PRAKASH NEWS

रामपुर में वकील की हत्या का CCTV फुटेज आया सामने, थप्पड़ के बाद आरोपी ने गोली मारकर की हत्या
रामपुर, 13 फरवरी 2026.
रामपुर के जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े अधिवक्ता फारूख की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में अब घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है। पुलिस द्वारा जांच के दौरान प्राप्त फुटेज में विवाद से लेकर गोली चलाने तक की पूरी घटना कैद हो गई है, जिससे मामले की गंभीरता और स्पष्ट हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता फारूख अपनी पत्नी से मिलने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनकी पत्नी कार्यरत हैं। इसी दौरान कार्यालय में कार्यरत असगर अली से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दोनों के बीच विवाद तेजी से बढ़ा और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। विवाद के दौरान फारूख द्वारा आरोपी को थप्पड़ मारने के बाद आरोपी कुछ कदम पीछे हटा और गुस्से में अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली।
फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि अधिवक्ता फारूख वहां से वापस जाने लगे थे, लेकिन आरोपी ने उन्हें आवाज देकर रोका। जैसे ही फारूख पीछे मुड़े, आरोपी ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद कार्यालय में अफरातफरी मच गई और मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
