NGV PRAKASH NEWS

योगी सरकार का बड़ा ऐलान: 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा सुविधा
लखनऊ, 12 फरवरी 2026.
योगी सरकार ने अपने दसवें बजट में महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण योजना की घोषणा करते हुए 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है।
⏩ इस योजना को लागू करने के लिए बजट में फिलहाल एक लाख रुपये की टोकन व्यवस्था की गई है, जिससे संकेत मिल रहा है कि जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
💥अब तक परिवहन निगम द्वारा हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर सभी महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती रही है, लेकिन अब सरकार इसे स्थायी रूप से बुजुर्ग महिलाओं के लिए लागू करने की तैयारी में है। बजट में इस योजना को शामिल किए जाने से स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में इसके लिए आवश्यक बजट आवंटित कर योजना को औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा।
📍सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर पहले ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा देने को लेकर विचार-विमर्श किया जा चुका है और परिवहन विभाग से इस संबंध में राय भी ली गई थी। अब बजट में टोकन प्रावधान किए जाने के बाद इस योजना को जल्द ही धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
➡️इस योजना के लागू होने से प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन महिलाओं को जो नियमित रूप से इलाज, सामाजिक कार्य या पारिवारिक कारणों से यात्रा करती हैं। फिलहाल परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें योजना के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार है, लेकिन विभागीय स्तर पर इसे जल्द लागू करने की तैयारी शुरू मानी जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
