अयोध्या कचहरी में बम की सूचना से हड़कंप,परिसर खाली कराया गया, 2007 के सीरियल धमाके की यादें हुईं ताजा…….

NGV PRAKASH NEWS

अयोध्या कचहरी में बम की सूचना से हड़कंप, 2007 के सीरियल धमाके की यादें हुईं ताजा

अयोध्या, 13 फरवरी 2026.

अयोध्या सहित 19 जिलों के कचहरी में बम विस्फोट करने के मिले मेल से प्रदेश में हड़कंप मच गया है |

उसी क्रम में अयोध्या कचहरी परिसर में बम होने की सूचना मिलते ही शुक्रवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को घेराबंदी में ले लिया गया। अनाउंसमेंट कराकर वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा कचहरी को एहतियातन खाली कराया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को तत्काल बुलाया गया। विशेषज्ञ टीम ने कचहरी परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन तलाशी शुरू की। अधिकारियों के अनुसार किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

➡️समाचार लिखे जाने तक किसी विस्फोटक सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी और तलाशी अभियान जारी था।

इस बीच, कचहरी में बम की सूचना ने वर्ष 2007 की उस भयावह घटना की यादें भी ताजा कर दीं, जब 23 नवंबर 2007 को फैजाबाद कचहरी में सीरियल धमाका हुआ था। उस दिन उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और फैजाबाद की कचहरियों को एक साथ निशाना बनाया गया था। फैजाबाद कचहरी में हुए धमाके में चार लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। जांच के दौरान इस घटना को आतंकी साजिश बताया गया था और हरकत-उल-जिहाद-ए-इस्लामी (HUJI) का नाम सामने आया था।

2007 की घटना के बाद से अदालत परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती रही है। ऐसे में ताजा सूचना ने प्रशासन को और अधिक चौकन्ना कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *