बच्चा चोरी करने वाले गैंग का खुलासा,बच्चे सहित महिला-पुरुष गिरफ्तार…….

NGV PRAKASH NEWS

पीडीडीयू जंक्शन से बच्चा चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, दो साल का बच्चा सकुशल बरामद

चंदौली, 13 फरवरी 2026.

उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बच्चा चोरी करने वाले एक सक्रिय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया दो साल का बच्चा सकुशल बरामद कर लिया, जिसे बाद में उसकी मां को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार यह गैंग रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सक्रिय रहता था और मौका मिलते ही बच्चों को चोरी कर लेता था। चोरी किए गए बच्चों को बिहार में एक व्यक्ति को ऊंची कीमत पर बेच दिया जाता था। आरोपियों के पास से बच्चों के नए कपड़े, दूध की बोतल और नशीली गोलियां भी बरामद हुई हैं।

घटना बुधवार देर रात की है, जब बिहार के रोहतास जिले की निवासी पमिया देवी अपने बच्चों के साथ स्टेशन परिसर के बाहरी क्षेत्र में सो रही थीं। भोर करीब तीन बजे उनका बच्चा अचानक गायब हो गया। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए तलाशी अभियान शुरू किया और संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बच्चा बरामद हुआ।

प्रभारी निरीक्षक जीआरपी सुनील सिंह ने बताया कि यह गैंग विशेष रूप से अकेली महिलाओं और उनके बच्चों को निशाना बनाता था। आरोपी बच्चों को चोरी करने के बाद उन्हें दूध में अल्प्राजोलम जैसी नशीली दवा मिलाकर पिला देते थे, जिससे बच्चा बेसुध हो जाता था और उन्हें आसानी से ले जाया जा सके। गैंग की महिला सदस्य बच्चे को अपने साथ लेकर निकल जाती थी, जिससे किसी को शक न हो।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे केवल लड़कों को निशाना बनाते थे। बच्चे की तस्वीर पहले खरीदार को भेजी जाती थी और उसकी सहमति मिलने के बाद उसे बेच दिया जाता था। नवजात बच्चों की कीमत अधिक मिलती थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बच्चों को खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश जारी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *