NGV PRAKASH NEWS

आईएएस अवि प्रसाद ने डिप्टी सेक्रेटरी अंकिता धाकरे से की तीसरी शादी, कूनो नेशनल पार्क में संपन्न हुआ विवाह
भोपाल/उज्जैन (मध्यप्रदेश), 15 फरवरी 2026.
मध्यप्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अवि प्रसाद ने 11 फरवरी 2026 को 2017 बैच की आईएएस अधिकारी और राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत अंकिता धाकरे से विवाह कर लिया। खास बात यह है कि यह अवि प्रसाद की तीसरी शादी है, जबकि उनकी पूर्व की दोनों पत्नियां भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में कलेक्टर के पद पर तैनात हैं।
आईएएस अवि प्रसाद वर्तमान में मध्यप्रदेश रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में पदस्थ हैं। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान वे कई जिलों में जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उज्जैन जिले के बड़नगर में अपनी तैनाती के दौरान उन्होंने मात्र आठ माह में 1100 दिव्यांगजनों को निशुल्क मेडिक्लेम पॉलिसी का लाभ दिलवाकर उल्लेखनीय कार्य किया था, जिससे उस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले अवि प्रसाद ने उच्च शिक्षा के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। इससे पहले वे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद पर चयनित हुए थे। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। वर्ष 2013 में उनका चयन आईपीएस के लिए हुआ था, जबकि 2014 की सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने देशभर में 13वीं रैंक हासिल कर आईएएस बने।
उनका पारिवारिक संबंध भी राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके दादा टम्बेश्वर प्रसाद, जिन्हें बच्चा बाबू के नाम से जाना जाता था, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
अवि प्रसाद की पहली शादी आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से हुई थी, जिनसे उनकी मुलाकात दिल्ली में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान हुई थी। हालांकि कुछ वर्षों बाद दोनों का तलाक हो गया। वर्तमान में रिजु बाफना मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में कलेक्टर के पद पर तैनात हैं।
इसके बाद अवि प्रसाद ने 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से दूसरी शादी की थी। विवाह के बाद मिशा सिंह ने मध्यप्रदेश कैडर लिया, लेकिन करीब चार वर्षों बाद दोनों का संबंध समाप्त हो गया। मिशा सिंह वर्तमान में रतलाम जिले की कलेक्टर हैं।
अब अवि प्रसाद ने 11 फरवरी 2026 को कूनो नेशनल पार्क में आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से तीसरी शादी कर ली है। अंकिता धाकरे 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल मध्यप्रदेश राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। इस विवाह की चर्चा प्रशासनिक हलकों में भी व्यापक रूप से हो रही है।
NGV PRAKASH NEWS
