मेरा 6 साल से ऑफेयर है,3 बार एबॉर्शन भी हो चुका है और प्रेमिका ने रोक दी…….

NGV PRAKASH NEWS

सगाई से पहले दूल्हा हुआ गायब, फोन उठाकर प्रेमिका ने खोला 6 साल का राज, पैसे लौटाने की मांग पर मिली जान से मारने की धमकी

गोरखपुर, 14 फरवरी 2026.

पीपीगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सगाई के ठीक पहले वर पक्ष के गायब हो जाने से लड़की पक्ष सकते में आ गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 फरवरी को पीपीगंज के एक मैरिज हॉल में सगाई होनी थी, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी लड़का और उसके परिजन मौके पर नहीं पहुंचे। जब लड़की पक्ष ने लड़के के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो फोन एक युवती ने उठाया और खुद को लड़के की प्रेमिका बताते हुए ऐसे खुलासे किए, जिससे पूरा मामला पलट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार ने अपनी बहन की शादी सियर गांव निवासी सौरभ चौहान से तय की थी, जो डाक विभाग में कार्यरत है। शादी मई महीने में प्रस्तावित थी और सगाई 13 फरवरी को होनी थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद 6 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी देने की बात हुई थी, जिसमें से 3 लाख रुपये पहले ही लड़के पक्ष को दे दिए गए थे।

सगाई वाले दिन जब लड़का पक्ष नहीं पहुंचा तो लड़की के परिजनों ने सौरभ के मोबाइल पर फोन किया। फोन एक युवती ने उठाया और बताया कि उसका सौरभ के साथ पिछले 6 वर्षों से प्रेम संबंध है और वह तीन बार गर्भपात भी करा चुकी है। युवती ने यह भी दावा किया कि जैसे ही उसे सौरभ की शादी की जानकारी मिली, उसने उसका फोन अपने पास रख लिया। उसने व्हाट्सएप के माध्यम से अपने संबंधों के फोटो, चैट और अन्य साक्ष्य भी लड़की पक्ष को भेजे।

इस खुलासे के बाद लड़की के भाई ने तुरंत सौरभ के पिता इंद्रजीत को फोन कर पूरी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई स्पष्ट जवाब देने के बजाय फोन काट दिया। बाद में पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों को आमने-सामने बुलाया गया, जहां सौरभ अपने पिता और रिश्तेदारों के साथ पहुंचा और प्रेम संबंध की बात स्वीकार की।

इस स्थिति में लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ने का निर्णय लेते हुए दिए गए 3 लाख रुपये और सगाई में हुए खर्च की वापसी की मांग की। आरोप है कि इस दौरान लड़के पक्ष की ओर से लड़की के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद मामला पीपीगंज थाने पहुंचा, जहां लड़की पक्ष ने तहरीर दी है।

थाना प्रभारी पीपीगंज ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हो गई है और दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। पुलिस का प्रयास है कि पहले आपसी बातचीत से विवाद का समाधान हो, अन्यथा तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *