NGV PRAKASH NEWS

प्रेम संबंधों में बाधा बने बच्चों को मां ने दिया जहर, बठिंडा में दो मासूमों की हत्या का खौफनाक खुलासा
बठिंडा, 16 फरवरी 2026.
पंजाब के बठिंडा जिले में दो मासूमों की एक के बाद एक रहस्यमय तरीके से मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया |
मासूम बच्चों की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस नहीं जब जांच शुरू की तो जांच के बाद बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस के प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चों की मौत के पीछे उनकी ही मां की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने अपने कथित प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे बेटे और बेटी को धीरे-धीरे चूहे मारने वाली जहरीली दवा देकर मौत के घाट उतार दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले गांव में 12 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय परिवार ने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई और बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया । मामला उस समय गंभीर हो गया जब शुक्रवार रात उसी परिवार के 7 वर्षीय बेटे फतेहवीर की भी अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कम समय के अंतराल में दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में भय और संदेह का माहौल बन गया।
उसके बाद शनिवार सुबह गांव के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण फूल थाने पहुंचे और दोनों बच्चों की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दोनों घटनाओं के दौरान घर में केवल मां ही मौजूद थी, जिससे संदेह और गहरा गया।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच किए जाने पर सामने आया कि आरोपी महिला जस्सी कौर का पड़ोसी गांव महाराज के एक व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंध था। जांच अधिकारियों के अनुसार, महिला इन संबंधों को आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन दोनों बच्चे उसके लिए बाधा बन रहे थे। इसी कारण महिला ने पहले बेटी को धीरे-धीरे जहर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद कुछ दिनों बाद बेटे को भी उसी तरह जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (डी) जस्मीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मां की भूमिका की पुष्टि हुई है और दोनों बच्चों को अलग-अलग दिनों में जहर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
NGV PRAKASH NEWS
