Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डीआईजी बस्ती ने सिद्धार्थनगर में की अपराध समीक्षा, त्योहारों को लेकर सख्त निर्देश; थाना जोगिया उदयपुर का भी किया निरीक्षण
सिद्धार्थनगर, 24 फरवरी 2026.
परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती के अंतर्गत पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार सिद्धार्थनगर में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन सहित जनपद के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण की स्थिति और आगामी त्योहारों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी, गैंगस्टर, वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, रात्रिकालीन गश्त को सुदृढ़ करने तथा महिला अपराध, पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
साथ ही यक्ष ऐप पर समय से डाटा फीडिंग, भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, मिशन शक्ति केंद्र को प्रभावी बनाने, साइबर अपराध नियंत्रण तथा CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, ITSSO और JMIS पोर्टलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत जब्त वाहनों के शीघ्र निस्तारण को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।
आगामी होली सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष चौकसी बरतने, जुलूसों पर सतर्क दृष्टि रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के उपरांत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से त्योहारों को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने, धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने, नई परंपरा शुरू न करने, हुड़दंग से बचने और जबरन रंग न लगाने की अपील की गई।
इसके पश्चात डीआईजी ने थाना जोगिया उदयपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदी गृह, मिशन शक्ति केंद्र, आगंतुक कक्ष और थाना परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अभिलेखों को अद्यतन रखने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों को ऑपरेशन क्लीन के तहत निस्तारित करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए गए। थाना परिसर और कार्यालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम चौकीदारों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम चौकीदारों को साफा वितरित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी बांसी, क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष जोगिया उदयपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS
