वेज बिरयानी दुकान के फ्रीजर में मिली लाश-फैली सनसनी…….

NGV PRAKASH NEWS

वेज बिरयानी दुकान के फ्रीजर में मिला युवक का शव, बीकेटी में सनसनी

लखनऊ, 02 मार्च 2026.

राजधानी में मानवेंद्र सिंह हत्याकांड की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि बीकेटी थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। एक निजी कॉलेज के सामने स्थित वेज बिरयानी की दुकान के फ्रीजर में 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि शनि रावत की यह दुकान मालिक के पिता के निधन के कारण पिछले चार दिनों से बंद थी। फ्रीजर में शव रखे होने के कारण दुर्गंध नहीं फैली, जिससे घटना का पता देर से चल सका। पुलिस जांच में मृतक की पहचान विजय पाल निवासी किशनपुर मजरा मदारीपुर, इन्दौरा बाग, बीकेटी के रूप में हुई है। वह मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करता था। परिजनों के अनुसार करीब पांच वर्ष पहले उसका पत्नी से अलगाव हो गया था, जिसके बाद वह अकेले रह रहा था और शराब का आदी हो गया था। शनिवार को उसे घर के पास देखा गया था, जिसके बाद पुलिस से घटना की सूचना मिली।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन जिस फ्रीजर में शव मिला था उसे मौके पर ही छोड़ दिया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोग फ्रीजर और अन्य सामान को छूते नजर आए, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

मृतक के चचेरे भाई भानू के अनुसार विजय पाल पहले वाई-फाई से जुड़ा कार्य करता था और कुछ समय दिल्ली में भी रहा था। उसकी एक बेटी है, जो पत्नी के साथ रहती है। जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

यहां बताते चलें कि कि हाल ही में आशियाना क्षेत्र में बीबीए छात्र द्वारा अपने पिता मानवेंद्र सिंह की लाइसेंसी राइफल से हत्या कर लाश को टुकड़े-टुकड़े करने का मामला भी सामने आया था, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है। लगातार सामने आ रही वारदातों ने राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *