Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर में महिला अपराधों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, दुष्कर्म के दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर, 05 मार्च 2026.
संतकबीरनगर जिले में महिला अपराधों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। महुली और मेंहदावल थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
1👉पहला मामला महुली थाना क्षेत्र के डहरौली गांव का है, जहां 66 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी गोविन्द्र पुत्र रामबेलाश को गिरफ्तार किया। इस संबंध में पीड़िता की पुत्री ने 4 मार्च 2026 को थाना महुली में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 81/2026 धारा 64(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उसकी योजना विफल हो गई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक परमेश मिश्रा, चौकी प्रभारी शनिचरा बाबू, हेड कांस्टेबल गौतम यादव, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल संदीप गौड़ शामिल रहे।

2👉दूसरा मामला मेंहदावल थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने वांछित आरोपी संदीप पुत्र चन्द्रिका निषाद निवासी बढ़या टोला खैरहवा को गिरफ्तार किया। इस संबंध में पीड़िता की मां ने 4 मार्च 2026 को थाना मेंहदावल में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा संख्या 75/2026 धारा 65(1)/351(3) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने 5 मार्च 2026 को बाराखाल तिराहा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मेंहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मोतीलाल यादव और हेड कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।
दोनों मामलों में पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता के साथ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS
