NGV PRAKASH NEWS

अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर की हत्या, बेटे को भी मारने के लिए दौड़ाया
गोरखपुर, 05 मार्च 2026.
अवैध संबंध के शक ने एक परिवार को खून से लथपथ कर दिया। खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी और फावड़े से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने ही बेटे को भी जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। किसी तरह बेटा अपनी जान बचाकर घर से भागा और घटना की सूचना अपने नाना को दी। वहीं आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अशोक निषाद (44) अपनी पत्नी नीलम देवी (40) के साथ धाधूपार गांव में रहता था। दोनों की शादी वर्ष 2006 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं—17 वर्षीय बेटा सूरज और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अशोक को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता रहता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 3 मार्च की देर रात करीब 1 से डेढ़ बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक घर से नीलम की चीखने की आवाज सुनाई दी। आरोप है कि अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला किया और इसके बाद फावड़े से उसका गला काट दिया। कमरे में चारों तरफ खून फैल गया। मां पर हमला होते देख बेटा सूरज घबरा गया और चिल्लाने लगा। इस पर आरोपी ने उसे भी फावड़ा लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया। डर के मारे बेटा घर से भाग गया और गांव के बाहर जाकर अपने नाना राजेंद्र निषाद को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
इसी बीच आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव घर में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कॉल ट्रेस कर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद कर लिया तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अशोक निषाद पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था, लेकिन कुछ वर्षों से गांव लौटकर खेती और पशुपालन कर रहा था। उसे पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
महिला के पिता राजेंद्र निषाद की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुधवार सुबह पुलिस आरोपी को लेकर फिर से घटनास्थल पहुंची और सीन रीक्रिएट करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
