ईट से कुचला,धारदार हथियार से काटा उसके बाद थाने पहुंचकर कर दिया आत्मसमर्पण…….

NGV PRAKASH NEWS

नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर और धारदार हथियार से काटकर हत्या, आरोपी जीजा ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

इटावा, 08 मार्च 2026.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन इटावा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां रिश्ते के जीजा ने अपनी नाबालिग साली की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी ने हत्या करने के बाद खून से सना हथियार और ईंट लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

जानकारी के अनुसार सैफई थाना क्षेत्र के नगला सुभान गांव की रहने वाली 16 वर्षीय सुनैना राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सैफई में कक्षा 11 की छात्रा थी। 4 मार्च को होली के दिन कोतवाली क्षेत्र निवासी उसका रिश्ते का मौसेरा जीजा विजय उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिवार के मुताबिक आरोपी उसे सैफई से भगाकर दिल्ली ले गया, जहां उसने किसी मंदिर में शादी करने का दावा किया। आरोपी ने कथित तौर पर शादी से जुड़े फोटो और वीडियो भी लड़की के परिजनों को भेजे थे।

यह भी पढ़ें…….

परिजनों को जब लड़की के दिल्ली में होने की जानकारी मिली तो उन्होंने सैफई थाने में विजय के खिलाफ नाबालिग को भगाने का मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि आरोपी विजय ने करीब छह वर्ष पहले मृतका की मौसेरी बहन से प्रेम विवाह किया था, जिससे वह रिश्ते में किशोरी का जीजा लगता था।

घटना के अनुसार आरोपी किशोरी को दिल्ली से वापस इटावा लेकर आया और किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद उसने ईंट से कुचलकर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सीधे कोतवाली थाना पहुंच गया और रक्तरंजित हथियार व ईंट पुलिस के सामने रखकर आत्मसमर्पण कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *