NGV PRAKASH NEWS

साधु का भेष धरकर 20 साल से फरार उम्रकैद का सजायाफ्ता हत्यारा गिरफ्तार
मथुरा/वृंदावन, 15 मार्च 2026.
राजस्थान पुलिस ने करीब 20 साल से फरार चल रहे हत्या के एक सजायाफ्ता अपराधी को उत्तर प्रदेश के वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया है। आजीवन कारावास की सजा पाए इस अपराधी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अनोखी रणनीति अपनाई, जिसमें एक हेड कॉन्स्टेबल ने साधु का भेष धारण कर कई दिनों तक गुप्त रूप से निगरानी की और आखिरकार आरोपी को दबोच लिया।
यह भी देखें ……
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान वरुण सिंह (41) के रूप में हुई है, जो राजस्थान के हिंडौन सिटी का निवासी है। वह वर्ष 2005 में शराब कारोबारी नबाब सिंह उर्फ नब्बा सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। इस मामले में करौली के अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक) न्यायालय ने 19 अक्टूबर 2006 को उसे भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जबकि आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त सजा भी दी गई थी।
बताया गया कि आरोपी ने इस फैसले के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, लेकिन दोनों अदालतों ने उसकी अपील खारिज कर दी। इसके बाद उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया, हालांकि वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया और करीब दो दशक तक गिरफ्तारी से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2006 से ही आरोपी की तलाश में कई विशेष अभियान चलाए गए। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित कर राजस्थान समेत कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। मथुरा, वृंदावन, जयपुर और जम्मू-कश्मीर जैसे स्थानों पर भी लगातार छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी बार-बार भेष बदलकर पुलिस की पकड़ से बचता रहा। इसी दौरान उसकी गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई थी।
हाल ही में राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत हेड कॉन्स्टेबल जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम को मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में भेजा गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जोगेंद्र सिंह ने साधु का भेष धारण किया और कई दिनों तक चाय की दुकानों, ढाबों और गलियों में रहकर गुप्त रूप से निगरानी करते रहे। लगातार निगरानी के बाद आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
करीब दो दशक से फरार चल रहे इस अपराधी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
