Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पहचान छुपाने के लिए महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गहने लूटने के बाद खेत में फेंका था शव
संतकबीरनगर, 15 मार्च 2026.
संतकबीरनगर जिले में एक महिला की हत्या कर उसकी पहचान छुपाने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की सतर्कता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
यह भी पढ़ें…….
पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीणा ने बताया कि 13 मार्च 2026 को लक्ष्मीचंद यादव निवासी हाड़ापार ने कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी 60 वर्षीय माता शारदा देवी 10 मार्च की रात करीब आठ बजे गांव के श्री समय माता मंदिर में हो रहे यज्ञ में शामिल होने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। इसके बाद 11 मार्च को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अगले दिन 12 मार्च को गांव के पास नहर के दक्षिण दिशा में सरसों के खेत में शारदा देवी का शव मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर 14 मार्च को सिरमोहनी चौराहे के पास से राहुल चौधरी पुत्र झगरू उर्फ ब्रह्मदेव निवासी हाड़ापार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह पहले ट्रक पर खलासी का काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसने यह काम छोड़ दिया था और पैसों की जरूरत के कारण इधर-उधर घूमता रहता था। 10 मार्च की रात गांव के समय माता मंदिर में यज्ञ चल रहा था, जहां काफी महिलाएं मौजूद थीं। देर रात करीब 11 बजे वह मंदिर से गांव जाने वाले नहर के बंधे के पास खड़ा था। उसी दौरान शारदा देवी अकेले घर लौट रही थीं और उनके कानों में सोने की बालियां तथा पैरों में चांदी की पायल थी।
पैसों की जरूरत के चलते आरोपी ने उन्हें पकड़कर मुंह दबाया और नहर के बंधे से नीचे सरसों के खेत में ले जाकर गिरा दिया। महिला ने उसे पहचान लिया, जिससे डरकर उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने महिला के कानों से सोने की बालियां और पैरों से चांदी की पायल निकाल ली और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी पीली धातु की बालियां, चार टुकड़ों में टूटी सफेद धातु की पायल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2021 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। घटना के खुलासे पर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS
