NGV PRAKASH NEWS

पत्नी पर गलत नजर डालने के शक में बड़े भाई ने छोटे भाई की गंडासे से हत्या, मां भी घायल
मथुरा, 18 मार्च 2026.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां पत्नी पर गलत नजर डालने के शक में एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई की गंडासे से काटकर हत्या कर दी। वारदात मगोरा थाना क्षेत्र के अहमल गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़ें…….
पुलिस के अनुसार, आरोपी मेघश्याम सिंह काम से घर लौटा था। इसी दौरान उसकी पत्नी दुर्गेश ने आरोप लगाया कि उसका देवर निरंजन उस पर गलत नजर रखता है। यह बात सुनते ही मेघश्याम आपा खो बैठा और गुस्से में गंडासा उठाकर अपने 35 वर्षीय छोटे भाई निरंजन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में निरंजन के गले, कान और हाथ पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान जब दोनों भाइयों की मां लौंगा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तब आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गईं। इसके बाद मेघश्याम ने कमरे में ताला लगाया और अपनी पत्नी के साथ मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों की शादी करीब आठ वर्ष पहले राजस्थान के भरतपुर जिले की दो सगी बहनों से हुई थी। हालांकि लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य नहीं थे। निरंजन की पत्नी पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी, जिससे परिवार के भीतर तनाव पहले से बना हुआ था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि निरंजन शराब पीने का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपी मेघश्याम और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
