NGV PRAKASH NEWS

लखनऊ में ऑनर किलिंग जैसा मामला, अधिवक्ता ससुर ने दामाद की पीट-पीटकर हत्या; चार बेटियां हिरासत में
लखनऊ, 18 मार्च 2026.
राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेटी के प्रेम विवाह से नाराज एक अधिवक्ता ने अपने ही दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना सेक्टर-आई क्षेत्र की है, जहां घर के बरामदे में 32 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी विष्णु यादव ने चार वर्ष पहले तीरथ राज सिंह की बेटी साक्षी से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से नाराज तीरथ राज सिंह लंबे समय से दामाद और बेटी से रंजिश रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को साक्षी की जिद पर विष्णु अपनी पत्नी और तीन साल की बेटी के साथ ससुराल आए थे।
यह भी पढ़े…….
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे घर के अंदर किसी बात को लेकर विष्णु और उनके ससुर के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में तीरथ राज सिंह ने पास पड़ी चारपाई का पाया उठाकर विष्णु के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची साक्षी भी इस हमले में घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चारपाई का पाया बरामद किया गया है। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए त्वरित कार्रवाई में आरोपी अधिवक्ता तीरथ राज सिंह और उनकी चार बेटियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम।
यह घटना एक बार फिर प्रेम विवाह को लेकर समाज में मौजूद संकीर्ण सोच और उससे उपजने वाली हिंसक घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
NGV PRAKASH NEWS
