पुलिस के नाक के नीचे चल रहा था कैसिनों,बाहर से बुलाई जाती थी लड़कियां…….

NGV PRAKASH NEWS

ब्रेकिंग: होटल में चल रहा था अवैध कैसीनो, पार्षद समेत 40 गिरफ्तार; 12 पुलिसकर्मी निलंबित

ऋषिकेश, 29 मार्च 2026.

पुलिस की नाक के नीचे चल रहे अवैध कैसीनो का बड़ा खुलासा हुआ है। आईडीपीएल क्षेत्र में स्थित एक होटल में जुआ खेलने का धंधा खुलेआम चल रहा था, जिस पर पुलिस ने देर रात छापा मारकर पार्षद समेत 40 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में अवैध कैसीनो संचालित किया जा रहा था। शुक्रवार देर रात सूचना मिलने पर सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर 40 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से 3356 कैसीनो कॉइन, 26 ताश की गड्डियां, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद और विभिन्न ब्रांड की शराब की नौ बोतलें बरामद की हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपितों में मीरानगर क्षेत्र का पार्षद हर्षवर्धन उर्फ पिंटू रावत भी शामिल है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

छापेमारी के दौरान यह भी सामने आया कि कैसीनो में नकली नोटों का भी खेल चल रहा था। आरोपित 100 रुपये के बदले 1000 रुपये के नकली नोटों की गड्डी दे रहे थे, जिनका इस्तेमाल जुए में किया जा रहा था।

इतना ही नहीं, होटल संचालक ने जुआ खिलवाने के लिए दिल्ली और मेरठ से 10 युवतियों को बुलाया था। इनमें कुछ कार्ड बांटने, कुछ डांस करने और कुछ खाना-शराब सर्व करने का काम कर रही थीं।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही दबोच लिया। होटल संचालक जगदीश कंडवाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह पूरा मामला न सिर्फ अवैध गतिविधियों का खुलासा करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करता है कि आखिर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इतना बड़ा जुआ नेटवर्क कैसे चल रहा था।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *