Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नकली गोल्ड के नाम पर 8 लाख की ठगी, संतकबीरनगर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
संतकबीरनगर, 29 मार्च 2026.
जनपद संतकबीरनगर में नकली सोने के बिस्कुट के नाम पर 8 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन, करीब 200 ग्राम वजन के पीली धातु के दो बिस्कुट, एक वर्दी सेट (बेल्ट व नेम प्लेट सहित), एक आधार कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
📍📍मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया की प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे, एसओजी प्रभारी अजय सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी अभिमन्यु सिंह के संयुक्त नेतृत्व में गठित टीम ने स्पर्श हॉस्पिटल के पास डडवा नहर तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
📍उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार राव (निवासी बस्ती, हाल निवास नौतनवा महराजगंज) और संजय चौधरी (निवासी बैरनपुर, संतकबीरनगर) के रूप में हुई है। संजय चौधरी होमगार्ड के पद पर तैनात बताया गया है।
घटना के अनुसार 23 मार्च 2026 को चार व्यक्तियों ने मिलकर गल्ला व्यवसायी सन्नी कुमार गुप्ता को नकली सोने का बिस्कुट देकर 8 लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में 26 मार्च को कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले मोबाइल पर संपर्क कर पीड़ित को बुलाया और नकली सोना देकर रकम हड़प ली। घटना के समय एक आरोपी वर्दी पहनकर मौके पर पहुंचा, जिससे विश्वास पैदा किया गया और ठगी को अंजाम दिया गया। बाद में दोनों आरोपी रकम लेकर फरार हो गए थे और सुरक्षित स्थान पर छिपा दी थी।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी समेत विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS
