Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

किसानों से करोड़ों की ठगी के मामले में फरार महिला गिरफ्तार, गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई
सिद्धार्थनगर, 03 अप्रैल 2026.
जनपद में किसानों से करोड़ों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रही महिला अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना इटवा पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी महिला को उसके घर से दबोचा गया। इस मामले में पहले ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में सिद्धार्थनगर और बलरामपुर जनपद में सक्रिय इस गिरोह ने सैकड़ों किसानों से गल्ला उधार लिया था, लेकिन भुगतान किए बिना ही लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के अनाज का गबन कर लिया। इस गंभीर मामले में थाना इटवा और थाना कठेला समयमाता में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई।
इसी क्रम में फरार चल रही महिला अभियुक्त आरती जायसवाल, उम्र करीब 39 वर्ष, निवासी गुरु गोविंद सिंह नगर कस्बा इटवा, को शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
इस मामले में सिद्धार्थ जायसवाल, कैलाश जायसवाल और सन्नो देवी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित तरीके से किसानों को झांसे में लेकर अनाज खरीदता था और बाद में भुगतान से मुकर जाता था।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में संपन्न हुई। टीम में एंटी थेफ्ट यूनिट और थाना इटवा के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS
