NGV PRAKASH NEWS

अन्तर्जनपदीय वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार; 9 बाइक व 1120 ग्राम डायजीपाम बरामद
कासगंज, 03 अप्रैल 2026.
📍 जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कासगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कासगंज, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अन्तरजनपदीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें और 1120 ग्राम नशीला पदार्थ डायजीपाम बरामद किया है।
💥यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में 2/3 अप्रैल की रात कासगंज-सोरों रोड स्थित जिला अस्पताल तिराहे के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों में उमेश, नरेश, चमन, कल्लू और योगेंद्र कुमार शामिल हैं, जो बदायूं, अलीगढ़ और एटा जनपदों के निवासी हैं।
बरामद मोटरसाइकिलों में एक एचएफ डीलक्स बाइक भी शामिल है, जो चामुंडा गेट क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में पहले से थाना कोतवाली कासगंज में मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना कासगंज में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
📍पूछताछ में सामने आया कि गिरोह अलग-अलग जनपदों में सक्रिय होकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और चोरी के वाहनों को बेचने या इस्तेमाल करने के लिए छिपाकर रखता था। मुख्य आरोपी उमेश और नरेश के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट तक के मामले शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा, सर्विलांस प्रभारी विपिन कुमार और एसओजी प्रभारी चंचल कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
