NGV PRAKASH NEWS

अंतरजातीय विवाह से नाराज परिवार ने की युवती के अपहरण की साजिश, पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया बचाव
इरोड,
11 दिसंबर 2025
प्राप्त जानकारी के अनुसार तमिलनाडु के इरोड जिले के पेरुंदराई क्षेत्र में अंतरजातीय विवाह को लेकर बड़ा मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवती महालक्ष्मी का कथित रूप से उसकी ही बहन और परिवार के सदस्यों ने अपहरण कर लिया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल युवती की जान बचाई बल्कि समाज में गहराई तक मौजूद जातीय पूर्वाग्रह की एक बार फिर गंभीर तस्वीर भी सामने रख दी. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, महालक्ष्मी और आंधीयूर निवासी 25 वर्षीय सेतुराज पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को पसंद करते थे. निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले सेतुराज के साथ महालक्ष्मी ने 5 दिसंबर को परिवार के विरोध के बावजूद विवाह कर लिया था. विवाह के बाद दंपति ने महिला पुलिस थाने में सुरक्षा की मांग भी की थी. परिजनों के लगातार विरोध को देखते हुए पुलिस ने उन्हें पेरुंदराई में एक रिश्तेदार के घर पर अस्थायी रूप से रहने की सलाह दी थी।
घटना तब हुई जब महालक्ष्मी की बड़ी बहन कौसल्या ने फोन कर मिलने की इच्छा जताई. महालक्ष्मी और सेतुराज दोनों उससे मिलने पहुंचे और कौसल्या उन्हें खाना खाने के लिए एक रेस्तरां ले गई. सब कुछ सामान्य प्रतीत हो रहा था, लेकिन बाहर निकलते ही पहले से मौजूद एक समूह ने कथित रूप से कौसल्या की मदद से महालक्ष्मी को जबरन कार में बैठाया और फरार हो गया।
यह सब देखकर सेतुराज हतप्रभ रह गए. उन्होंने तुरंत नंबर 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. पेरुंदराई पुलिस टीम तेजी से सक्रिय हुई और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए तकनीकी निगरानी के आधार पर छापेमारी की. कुछ ही घंटों में पुलिस ने महालक्ष्मी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महालक्ष्मी ने बताया कि उसके परिवार ने उसकी अंतरजातीय शादी को स्वीकार करने से इंकार कर दिया था और इसी नाराजगी के चलते अपहरण की साजिश रची गई. पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद कौसल्या समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस अपहरण की योजना किसने बनाई और इसके पीछे परिवार के अलावा किसी और की भूमिका थी या नहीं।
NGV PRAKASH NEWS
👉 समाचार स्रोत.. आज तक
