NGV PRAKASH NEWS

सुदामा की झांकी से आतंक की राह तक: ‘पपला पंडित’ का चौंकाने वाला चेहरा आया सामने
ग्रेटर नोएडा, 05 अप्रैल 2026.
शांत स्वभाव, धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी और मोहल्ले का जाना-पहचाना चेहरा… लेकिन इसी चेहरे के पीछे छिपी थी एक ऐसी सच्चाई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। छपरौला की रामबिहार कॉलोनी में रहने वाले लोकेश उर्फ पपला पंडित के आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
एटीएस की कार्रवाई में जब पपला के आतंकियों से जुड़े होने का पर्दाफाश हुआ, तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि वही युवक, जो हर साल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकी में सुदामा बनकर लोगों का दिल जीतता था, वह इस तरह के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। मोहल्ले में रहने वाली महिलाओं और स्थानीय लोगों के बीच अब इसी बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
रामबिहार कॉलोनी की गली नंबर दो में शनिवार को पूरे दिन लोगों का जमावड़ा लगा रहा। महिलाएं और युवक पपला के व्यवहार को याद करते हुए हैरानी जता रहे थे। कोई उसे सीधा-सादा और मिलनसार बता रहा था, तो कुछ लोगों का कहना है कि बीते समय में वह नशे का आदी हो गया था। आर्थिक तंगी से जूझ रहे पपला के बारे में यह भी चर्चा है कि पैसों के लिए वह गलत रास्ते पर चल पड़ा।
स्थानीय महिलाओं के अनुसार, पपला कई वर्षों तक जन्माष्टमी के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था और सुदामा की वेशभूषा में डांस कर सबका मनोरंजन करता था। हालांकि, पिछले वर्ष आयोजन के दौरान उसका अचानक गायब होना अब लोगों को शक के दायरे में नजर आने लगा है।
फिलहाल एटीएस की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले के हर पहलू को खंगाल रही हैं। वहीं, इलाके में इस खुलासे के बाद से डर और अविश्वास का माहौल बना हुआ है।
NGV PRAKASH NEWS
