थाने पहुंच कर बोला-दोस्त की आत्मा मेरा पीछा कर रही है,मैंने हत्या की है,मुझे गिरफ्तार कर लो…….

NGV PRAKASH NEWS

“दोस्त की आत्मा ने खुलवाया राज!”— हत्या कर घर में दफनाया शव, डर के मारे खुद थाने पहुंचा आरोपी

अंबिकापुर, 05 अप्रैल 2026.

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस ही नहीं बल्कि पूरे इलाके को हैरान कर दिया। यहां एक युवक खुद थाने पहुंचा और अपने दोस्त की हत्या का खुलासा करते हुए सरेंडर कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि उसने बताया कि वह अपने दोस्त की आत्मा से डर गया था, जो उसे हर समय दिखाई देती थी।

यह घटना अंबिकापुर के लोहारपारा बस्ती की है, जहां रहने वाले मिथलेश कुजुर ने अपने दोस्त बृजलाल अगरिया की हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि 24-25 मार्च की रात मिथलेश ने बृजलाल को अपने घर बुलाया था। इस दौरान शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद आरोपी ने लगातार कई वार कर अपने दोस्त की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर शव को अपने ही घर में दफना दिया। घटना के बाद से मिथलेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और उसे लगने लगा कि मृतक की आत्मा उसके आसपास मंडरा रही है।

डर और मानसिक तनाव इतना बढ़ गया कि आखिरकार 2 अप्रैल की रात वह गांधीनगर थाने पहुंच गया। वहां उसने पुलिस से कहा, “मैंने अपने दोस्त की हत्या कर दी है और उसे घर में दफना दिया है। उसकी आत्मा मुझे रोज दिखाई देती है, कृपया शव को बाहर निकलवाकर उसका अंतिम संस्कार करा दीजिए।”

पहले तो पुलिस को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब जांच की गई तो पता चला कि जिस व्यक्ति की हत्या की बात कही जा रही है, वह वास्तव में लापता है। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में टीम आरोपी के घर पहुंची और बताए गए स्थान पर खुदाई कर शव को बाहर निकाला।

जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान मोबाइल टूट जाने पर आरोपी गुस्से में आ गया था और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मिथलेश कुजुर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *