Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

💥थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, फर्जी वीजा गिरोह का भंडाफोड़
बस्ती, 06 अप्रैल 2026
थानाध्यक्ष थाना नगर भानु प्रताप सिंह व पुलिस, SOG टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से पासपोर्ट, फर्जी वीजा से जुड़े दस्तावेज और नकदी भी बरामद की है।
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह की मौजूदगी में बताया कि थाना नगर पर दर्ज मुकदमा संख्या 51/2026 धारा 316(2), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 06 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 08:30 बजे गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान जहागीर अंसारी (उम्र करीब 39 वर्ष) और आजाद अंसारी (उम्र करीब 43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया किवह बस्ती में किराये पर कार्यालय खोलकर विदेश भेजने के नाम का पंपलेट वितरित करवाते थे तथा विदेश भेजने का झांसा देते थे। ये लोग भोले-भाले युवकों को अपने जाल में फंसाकर उनसे पासपोर्ट और प्रति व्यक्ति करीब डेढ़ लाख रुपये वसूलते थे। जब 8-10 लोगों का समूह तैयार हो जाता था, तो उन्हें फर्जी वीजा बनवाकर दिल्ली भेज दिया जाता था। वहां वीजा फर्जी पाए जाने पर एयरपोर्ट से लोगों को वापस लौटा दिया जाता, जबकि आरोपी उनके पासपोर्ट और रुपया लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 पासपोर्ट, 10 फर्जी वीजा की छायाप्रति और 5000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में थाना नगर प्रभारी भानु प्रताप सिंह, SOG प्रभारी निरीक्षक विकास यादव सहित सर्विलांस और पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है, साथ ही इस ठगी के शिकार लोगों की पहचान भी की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
