सुरक्षा में बड़ी चूक -विधानसभा का गेट तोड़ घुसी कार, गुलदस्ता रख युवक भागा…….

NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक, गेट तोड़कर घुसी कार; आरोपी हिरासत में, जांच तेज

नई दिल्ली, 06 अप्रैल 2026.

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है, जहां एक कार गेट तोड़कर परिसर में घुस गई। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को बरामद कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर यूपी नंबर की सफेद टाटा सिएरा कार मॉल रोड स्थित बंद गेट को तोड़ते हुए वीआईपी एंट्री से विधानसभा परिसर में दाखिल हुई। कार सवार आरोपी अंदर पहुंचकर स्पीकर कक्ष के बाहर गुलदस्ता रखकर फरार हो गया, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान सरबजीत के रूप में की गई है। फुटेज में वह हाथ में गुलदस्ता, काले रंग का बैग और कुछ कागजात लिए दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के गेट तोड़कर अंदर घुसने से तेज आवाज हुई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक कार परिसर में घूमती रही और फिर गेट को टक्कर मारते हुए बाहर निकल गई।

सूत्रों के अनुसार, घटना के समय वीआईपी गेट पर सीआरपीएफ की तैनाती थी, इसके बावजूद यह चूक हुई। राहत की बात यह रही कि गुलदस्ते में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और आरोपी के पास कोई खतरनाक सामग्री भी नहीं पाई गई। घटना करीब 5 से 6 मिनट के भीतर अंजाम दी गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी विधानसभा परिसर में प्रवेश कर सीधे स्पीकर की गाड़ी तक पहुंचा और उसमें गुलदस्ता व माला रख दी। इसी दौरान एक स्टाफ सदस्य के पूछताछ करने पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुका था।

घटना को और गंभीर बनाते हुए यह भी सामने आया है कि विधानसभा स्पीकर को हाल के दिनों में तीन बार बम की धमकी वाले ईमेल मिल चुके थे, जिसके संबंध में उन्होंने पुलिस को पत्र भी लिखा था। घटना के बाद बम स्क्वॉड टीम ने परिसर में जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

फिलहाल स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस आरोपी सरबजीत से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके साथ पकड़े गए दो अन्य लोगों से भी गहन पूछताछ जारी है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *