गूगल मैप के सहारे जा रहे इंजीनियर और उसके दोस्त की अस्थाई बैरियर से टकराकर दुर्घटना में हुई मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

गूगल मैप के सहारे जा रहे इंजीनियर और दोस्त की हादसे में मौत, अस्थाई बैरियर से टकराई कार

बागपत, 08 अप्रैल 2026.

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक गूगल मैप के सहारे देहरादून जा रहे थे, तभी उनकी कार अस्थाई बैरियर से टकरा गई, जिससे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई निवासी कपिल, जिन्होंने हाल ही में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी, अपने दोस्त प्रयागराज कौशिक के साथ मंगलवार रात कार से देहरादून के लिए निकले थे। दोनों गूगल मैप की मदद से दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान बागपत के मवीकलां क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक एक अस्थाई बैरियर से टकरा गई।

हादसे के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार के अनुसार दोनों युवक गूगल मैप के सहारे देहरादून जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। परिजनों ने बताया कि कपिल ने घर से निकलते समय मथुरा जाने की बात कही थी।

बताया जा रहा है कि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का अभी औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है और 14 अप्रैल को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है। फिलहाल अक्षरधाम से मवीकलां तक एलिवेटेड हिस्से पर ही ट्रायल चल रहा है, जबकि पूरे हाईवे पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद लोग इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, जिन्हें रोकने के लिए जगह-जगह अस्थाई बैरियर लगाए गए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *