NGV PRAKASH NEWS

इटावा जंक्शन पर एसी फर्स्ट क्लास कोच से शराब तस्करी का खुलासा, पॉलिटेक्निक छात्र गिरफ्तार
इटावा, 09 अप्रैल 2026.
जीआरपी पुलिस ने इटावा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास (H1) कोच से अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। इस दौरान बिहार के बेगूसराय निवासी 22 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र गौरव कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेन के पहुंचते ही एसी फर्स्ट क्लास कोच में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद चार पिट्ठू बैग और एक ट्रॉली बैग से विभिन्न ब्रांड की कुल 48 अवैध शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद छात्र को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी तस्करी के लिए एसी फर्स्ट क्लास कोच का इस्तेमाल कर रहा था, ताकि उस पर किसी को शक न हो। बरामद सभी बैग पूरी तरह शराब की बोतलों से भरे हुए थे, जिससे यह साफ है कि यह संगठित तस्करी का मामला हो सकता है।
हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी गौरव कुमार ने खुद को निर्दोष बताया है। उसका कहना है कि वह नई दिल्ली घूमने गया था और वापसी का टिकट उसके दोस्त ने कराया था। उसने दावा किया कि उसे केवल बैग बेगूसराय पहुंचाने के लिए दिए गए थे और उसे उनके अंदर शराब होने की जानकारी नहीं थी। गौरव के मुताबिक, ट्रेन में चार अज्ञात लोगों ने यह बैग रखे थे और वह उस समय सो रहा था।
पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
