Gyan Prakash Dubey

यूपी-112 को मिले 10 नए दोपहिया वाहन, कासगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता होगी और मजबूत
कासगंज, 19 मई 2026.
जनपद कासगंज की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में यूपी-112 मुख्यालय से प्राप्त 10 अतिरिक्त दोपहिया पीआरवी वाहनों को मंगलवार को पुलिस बेड़े में शामिल किया गया। पुलिस लाइन कासगंज में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नए दोपहिया वाहनों के शामिल होने से अब संकरी गलियों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच पहले से अधिक आसान हो सकेगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को कम समय में सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक इवेंट पर तत्काल रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित रिस्पांस टाइम का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि यूपी-112 की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों तक समय से मदद पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी यूपी-112 सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात संदीप वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक रविन्द्र मलिक, प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
