Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अवैध असलहों के जखीरे के साथ आरोपी गिरफ्तार, दुधारा पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
संतकबीरनगर, 09 अप्रैल 2026.
जनपद संतकबीरनगर के थाना दुधारा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को असलहों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना दुधारा पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्यवाही में की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पिपरा बोरिंग के पास छापेमारी कर कमलेश यादव पुत्र रामशब्द यादव निवासी रसीदाबाद थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 01 पिस्टल 32 बोर, 01 पिस्टल 9 एमएम, 02 देशी तमंचा 315 बोर और 04 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना दुधारा में मु0अ0सं0 146/2026 धारा 3/7/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद हथियारों को नेपाल बॉर्डर से किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर ला रहा था। उसने यह भी बताया कि घरेलू दुश्मनी के चलते वह इन हथियारों को अपने पास रख रहा था और छुपते हुए घर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें हत्या के प्रयास, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इससे साफ है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द शर्मा के नेतृत्व में थाना दुधारा पुलिस टीम और एसओजी प्रभारी अजय सिंह की टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
