मुंबई में दो सगे भाइयों की चाकू मार कर हत्या: शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम…….

NGV PRAKASH NEWS
मुंबई के मालेगांव में गोरखपुर के दो सगे भाइयों की चाकू मारकर हत्या, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

गोरखपुर 10 अप्रैल 26.
गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के दो सगे भाइयों की महाराष्ट्र के मालेगांव में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने उन्हें शांत कराया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी स्व. भोला साहनी के पुत्र 30 वर्षीय अनीस साहनी और 25 वर्षीय निखिल साहनी महाराष्ट्र के मालेगांव में अपने चाचा दुर्गेश के साथ रहकर पेंट-पॉलिश का काम करते थे। बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल की रात दोनों भाई अपने किराए के कमरे में सो रहे थे, जबकि चाचा दुर्गेश पास के दूसरे कमरे में थे।

आरोप है कि देर रात अज्ञात बदमाश कमरे में घुस आए और दोनों भाइयों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों भाइयों की चीख-पुकार सुनकर चाचा दुर्गेश बाहर निकलना चाहते थे, लेकिन उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी गई थी।

किसी तरह गंभीर रूप से घायल अनीस उठकर दरवाजे की कुंडी खोलने में कामयाब हुआ, लेकिन इसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। दुर्गेश तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह जब दोनों के शव गांव हरदिया पहुंचे तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलने पर गीडा थाने के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय और चौकी प्रभारी अजय सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। काफी मशक्कत के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। दोनों भाइयों को मुखाग्नि उनके दादा रामाश्रय निषाद ने दी।

फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *