कौन है साहिल चौहान:-जिसे लाने एसटीएफ को थाईलैंड जाना पड़ा…….

NGV PRAKASH NEWS

थाईलैंड से भारत लाया गया गैंगस्टर साहिल चौहान, हरियाणा STF की बड़ी कार्रवाई

गुरुग्राम, 11 अप्रैल 2026.

हरियाणा और एनसीआर में कई संगीन अपराधों में वांछित गैंगस्टर साहिल चौहान को हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने थाईलैंड से प्रत्यर्पित कर भारत ले आया है। शनिवार सुबह उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया, जहां से STF की टीम उसे सीधे भोंडसी मुख्यालय लेकर पहुंची।

साहिल चौहान को कुछ दिन पहले थाईलैंड में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया लगातार जारी थी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे डिपोर्ट कर भारत लाया गया।

साहिल चौहान पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह लंबे समय से विदेश में बैठकर इंटरनेट मीडिया और विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए हरियाणा के कारोबारियों को धमकाकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था।

सूत्रों के मुताबिक, यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के रडार पर भी था और आतंक-गैंगस्टर गठजोड़ से जुड़े मामलों में भी साहिल चौहान वांछित था। STF को खुफिया इनपुट मिला था कि वह थाईलैंड में छिपा हुआ है, जिसके बाद समन्वय कर उसे गिरफ्तार कराया गया और भारत वापस लाया गया।

अब STF द्वारा आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमों के आधार पर प्रोडक्शन वारंट लिया जाएगा और उससे गहन पूछताछ की जाएगी। जांच में उसके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और विदेशी कनेक्शन से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

STF के आईजी सतीश बालन आज दोपहर भोंडसी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर इस पूरे ऑपरेशन और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत जानकारी देंगे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *