Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बैंक के बाहर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले नकली नोट गैंग का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
बस्ती, 11 अप्रैल 2026.
जनपद बस्ती में थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली नोट चलाने वाले एक संगठित गैंग का खुलासा किया गया है। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 4,20,000 रुपये के नकली नोट, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत नें क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी की मौजूदगी में बताया कि
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बक्सई तिराहे पर मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नकली नोट चलाने वाला गिरोह बक्सई घाट पुल के पास सक्रिय है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने पांचों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मुस्तफा, नबीउल्लाह, नबीउल्लाह उस्मानी, हबीर्बुर्रहमान और मणिकांत चौधरी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत 4,20,000 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सात मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने इस मामले में थाना वाल्टरगंज में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग नकली नोटों की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को धोखा देते थे। खासतौर पर बैंक के बाहर पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाकर उन्हें रकम दोगुनी करने का लालच दिया जाता था। भरोसा दिलाने के बाद नकली नोटों की गड्डी थमाकर असली पैसे लेकर फरार हो जाते थे। आरोपी कई जिलों में इस तरीके से वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
जांच में यह भी सामने आया कि गैंग का सरगना मुस्तफा है और गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष शशांक सिंह, स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी शेषनाथ यादव समेत पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह नें टीम को 20 हजार इनाम देने की घोषणा की है |
NGV PRAKASH NEWS
