गांव-गांव से पुराना और चोरी का मोबाइल खरीदकर साइबर अपराध को बढ़ावा देने वाले गैंग का खुलासा,तीन गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

गांव-गांव से पुराना और चोरी मोबाइल खरीदकर साइबर अपराध को बढ़ावा देने वाले गैंग का खुलासा, सरगना समेत तीन गिरफ्तार

बस्ती, 11 अप्रैल 2026.

जनपद बस्ती के साइबर क्राइम थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गांव-गांव घूमकर पुराने मोबाइल फोन खरीदने और उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, मदरबोर्ड, उपकरण और नकदी बरामद हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत नें C.O.सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी के मौजूदगी में बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हड़िया चौराहे से मेहदावल रोड पर लगभग दो किलोमीटर आगे भरवलिया शिव मंदिर के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में श्यामपाल कश्यप निवासी बरेली, मिराजुल रहमान शेख और अतीकुर रहमान निवासी मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 156 एंड्रॉयड मोबाइल, 180 कीपैड मोबाइल, 285 फोन मदरबोर्ड, एक डीसी मशीन, एक पावर बूट केबल और 21,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर साइबर क्राइम थाना बस्ती में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोग पूरे देश के गांवों में घूम-घूमकर पुराने मोबाइल खरीदते थे और उन्हें कोलकाता के दुकानदारों को बेच देते थे। वहां से ये मोबाइल साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे, जो इन मोबाइलों के मदरबोर्ड में मौजूद इनबिल्ट IMEI का इस्तेमाल कर साइबर ठगी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। चूंकि सरकार द्वारा अपराध में इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नंबर और IMEI को ब्लॉक किया जा रहा है, इसलिए अपराधियों ने इस नए तरीके को अपनाया था।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना बस्ती की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें रामफल चौरसिया समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *