यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा:स्लीपर बस पलटी,40घायल-10 गंभीर…….

NGV PRAKASH NEWS

यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटी, 40 यात्री घायल, 10 की हालत गंभीर

मथुरा, 13 अप्रैल 2026.

नोएडा से बिहार जा रही एक स्लीपर कोच बस रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 76 के पास अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश मजदूर बताए जा रहे हैं।

हादसा होते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कई यात्री सीटों और स्लीपर बर्थ के बीच फंस गए, जबकि कुछ के ऊपर सामान गिर गया। बच्चों और महिलाओं की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

👉यह भी पढ़ें…….

ग्रामीणों की सूचना पर यूपी डायल 112 पुलिस और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। छह एंबुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गईं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 40 यात्री घायल हो गए। घायलों को नौहझील और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से 10 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और कथित तौर पर बोतल में शराब भरकर सेवन भी कर रहा था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए हैं।

पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को रात करीब साढ़े आठ बजे सड़क से हटवाया, जिसके बाद एक घंटे के भीतर यातायात बहाल हो सका। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है। फरार चालक और परिचालक की तलाश जारी है, जिनकी गिरफ्तारी के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे में मधुबनी निवासी नीलम, पार्वती, अंजलि, आयुष, सपना, सोनी, मोनिका, शांति कुमारी, सुभाष, राधिका, सीता, गायत्री, संतोषी, अनीता, पिंकी, वैष्णवी सोजन, रामकृपाल झा, सचिन, रोहित, सुरेंद्र राय, सुनील सहित मुजफ्फरपुर की आरती, रीना, सावित्री और पूर्णिया निवासी रूबी, रीतू, जयंती, सोनू, कुंवर कुमार, ब्रज कुमार समेत कई यात्री घायल हुए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *