Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

व्हाट्सएप कॉल कर कंपनी मालिक बन बैंक मैनेजरों को झांसे में लेने वाले साइबर गैंग का सदस्य गिरफ्तार
बस्ती, 22 मई 2026.
साइबर थाना बस्ती पुलिस ने प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रोपराइटर, डायरेक्टर और सीईओ बनकर बैंक अधिकारियों को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए झांसे में लेकर साइबर ठगी करने वाले गैंग के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी मोहर, चेकबुक, डेबिट कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2025 को बालकराम महादेव प्रसाद सर्राफ फर्म के मालिक प्रज्ज्वल गुप्ता पुत्र संजय कुमार गुप्ता निवासी पिकौरा बक्स, गांधी नगर थाना कोतवाली बस्ती ने साइबर थाना में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी दुकान से 10-10 ग्राम के सोने के सिक्के खरीदकर करीब 2 लाख 6 हजार 650 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया था। बाद में ट्रांजेक्शन संदिग्ध पाए जाने पर खाते को फ्रीज कराया गया। मामले में साइबर क्राइम थाना बस्ती पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी राम कुमार राजभर की टीम ने जांच और सर्विलांस के जरिए 22 मई 2026 को अमहट फोरलेन के पास से आरोपी विशाल वर्मा पुत्र सालिक राम वर्मा निवासी थाना धानेपुर जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह गूगल और अन्य ओपन सोर्स माध्यमों से नामी कंपनियों और उनके मालिकों, डायरेक्टरों तथा सीईओ की जानकारी जुटाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य फर्जी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर संबंधित कंपनी प्रमुख की फोटो डीपी में लगाते थे और बैंक मैनेजर को कॉल कर खुद को कंपनी का मालिक बताकर खाते से रकम ट्रांसफर करने के लिए कहते थे। कई बार बैंक अधिकारी झांसे में आकर बताए गए खातों में रकम ट्रांसफर कर देते थे। गिरोह के सदस्य बाद में एटीएम, चेक और यूपीआई के जरिए रकम निकाल लेते थे। कुछ मामलों में रकम से सोने के सिक्के खरीदकर पैसों को खपाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से खुशी इंटरप्राइजेज और मुस्कान इंटरप्राइजेज के नाम की दो मोहरें, बंधन बैंक की चेकबुक, एचडीएफसी बैंक का डेबिट कार्ड, एयरटेल सिम, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरोह के दो अन्य आरोपी श्रीकांत वर्मा और सोनू कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS