NGV PRAKASH NEWS

महाबलेश्वर के अम्बेनाली घाट में दर्दनाक हादसा, 800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो; 8 युवकों की मौत
रायगढ़/महाबलेश्वर, 25 मई 2026.
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित अम्बेनाली घाट में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित खतरनाक घाट मार्ग पर एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 700 से 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक सतारा जिले के रहने वाले थे और कोंकण क्षेत्र में छुट्टियां बिताने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे।
यह हादसा दाबेली गांव के पास अम्बेनाली घाट में देर रात हुआ। स्थानीय लोगों ने जब खाई की तरफ से आवाज सुनी तो पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन खाई की गहराई और दुर्गम रास्तों की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन काफी मुश्किल साबित हुआ। बचाव टीम को शवों तक पहुंचने के लिए रस्सियों और दूरबीन की मदद लेनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर मोड़ बेहद खतरनाक है और रात के समय दृश्यता भी कम थी। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या चालक का वाहन से नियंत्रण हटना हादसे की वजह बन सकता है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान सतारा जिले के कोरेगांव तहसील स्थित आसगांव गांव निवासी महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यु शिंगटे (25) और नितिन किसान नायकोंडे (35) के रूप में हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही आसगांव गांव में मातम पसर गया। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के कई घरों में एक साथ चूल्हे नहीं जले और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS