नशे में ड्राइविंग करने तथा हेलमेट व सीट बेल्ट ना लगाने वालों के खिलाफ पुलिस चलायेगी विशेष अभियान…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सड़क हादसों पर अब चलेगा सख्त एक्शन, डीएम ने अधिकारियों को दिया अलर्ट

बस्ती, 27 मई 2026.

बस्ती कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने को लेकर बड़ा मंथन हुआ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाने पर सख्त रोक लगाने के लिए अभियान चलाने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर हादसों के दौरान गैस कटर, एंबुलेंस और क्रेन जैसी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। अवैध कट और टूटी रेलिंग को भी तत्काल दुरुस्त कराने का आदेश दिया गया।

बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरस्पीड और तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया। अवैध खनन पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने कहा कि अधिकांश सड़क हादसे लापरवाही की वजह से होते हैं। उन्होंने रात में बिना लाइट जलाकर चलने वाले ई-रिक्शा चालकों पर अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में यह भी सामने आया कि बड़ेवन क्षेत्र में लगाए गए ट्रैफिक बैरियर से दुर्घटनाओं में कमी आई है। वहीं अस्पताल चौराहे पर रास्ते में बाधा बने विद्युत पोल को हटाने के निर्देश भी दिए गए।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *