Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बकरीद को लेकर कासगंज पुलिस अलर्ट, अमांपुर में एसपी ने किया फ्लैग मार्च
कासगंज, 27 मई 2026.
ईद-उल-अज़हा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कासगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। पुलिस अधीक्षक कासगंज और अपर पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को थाना अमांपुर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने पुलिस बल को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग करने, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने को कहा। सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे नजर रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहावर और प्रभारी निरीक्षक अमांपुर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
NGV PRAKASH NEWS