ट्विशा शर्मा मौत मामले में ट्विशा की सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार…….

NGV PRAKASH NEWS

ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा एक्शन: पूर्व जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार, सीबीआई ने छह घंटे तक की पूछताछ

भोपाल, 28 मई 2026.

बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। करीब छह घंटे से अधिक समय तक चली पूछताछ के बाद सीबीआई टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि एजेंसी आगे पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड पर लेने की मांग कर सकती है।

जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने देर रात गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सीबीआई की टीम उनके घर पहुंची और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया, वहीं उनके वकीलों ने डॉक्टरों के दस्तावेज और मेडिकल पर्चे भी जांच एजेंसी के सामने पेश किए।

पूछताछ के दौरान घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीबीआई अधिकारियों के साथ एसआईटी और तकनीकी टीम भी मौके पर मौजूद रही। जांच एजेंसियों ने ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े तमाम पहलुओं पर गिरिबाला सिंह से सवाल किए।

इससे पहले सीबीआई टीम ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भी साथ लेकर गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार दोनों को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की गई। जांच एजेंसी अब दोनों के बयानों और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कर रही है।

मामले में अब तक सामने आई घटनाओं की टाइमलाइन ने भी कई सवाल खड़े किए हैं—

  • 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा की ससुराल में मौत हुई थी।
  • 13 मई को परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
  • गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह पर एफआईआर की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ।
  • परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई।
  • भोपाल कोर्ट ने शुरुआती याचिका खारिज कर दी।
  • इसके बाद परिजन सीबीआई जांच की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिले।
  • हाईकोर्ट में दोबारा पोस्टमार्टम के लिए याचिका दाखिल की गई।
  • हाईकोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए।
  • राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की।
  • दिल्ली एम्स की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।
  • सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले का संज्ञान लिया।
  • बाद में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने सरेंडर किया।
  • सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
  • हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर अब भी कई सवाल बने हुए हैं। सबसे बड़ा विवाद मौत के समय को लेकर है। पुलिस डायरी में दर्ज समय और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे समय में अंतर बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं। एसआईटी अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट पहले ही सीबीआई को सौंप चुकी है, जिसके बाद अब सीबीआई अपने स्तर पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *