बिजली आपूर्ति बहाल कराने को लेकर ग्रामीणों ने किया पावर हाउस घेराव…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बिजली आपूर्ति बहाल कराने को लेकर ग्रामीणों का पावर हाउस घेराव, कुछ देर बाधित रही सप्लाई

बस्ती, 30 मई 2026.

बस्ती जिले के नगर विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत नगर पंचायत नगर बाजार के बारीजोत गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्थानीय सभासद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के दौरान गांव में कई बिजली के खंभे टूटकर गिर गए थे, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक सामग्री तो भिजवा दी गई, लेकिन मौके का निरीक्षण करने और मरम्मत कार्य को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अपेक्षित पहल नहीं की गई।

स्थानीय सभासद ने बताया कि कई बार संपर्क करने के बावजूद संबंधित जेई और एसडीओ द्वारा मौके का निरीक्षण नहीं किया गया। उनका आरोप है कि फोन पर बात करने पर भी अधिकारी समय न होने का हवाला देते रहे, जिसके कारण टूटे हुए खंभों को अब तक खड़ा नहीं किया जा सका और गांव की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय से बिजली न मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।

इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने नगर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर घेराव किया और विरोध स्वरूप बिजली आपूर्ति बंद करवा दी। हालांकि बाद में उपकेंद्र के समीप मौजूद लोगों और स्थानीय स्तर पर हुई बातचीत के बाद विद्युत आपूर्ति को पुनः बहाल करा दिया गया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त खंभों को बदलकर क्षेत्र की नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *